Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा के नए सदर SDPO बने पंकज कुमार सिंह, त्रिवेणीगंज में दिलीप कुमार की प्रतिनियुक्ति - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 2, 2026

सहरसा के नए सदर SDPO बने पंकज कुमार सिंह, त्रिवेणीगंज में दिलीप कुमार की प्रतिनियुक्ति

सहरसा के नए सदर SDPO बने पंकज कुमार सिंह, त्रिवेणीगंज में दिलीप कुमार की प्रतिनियुक्ति

सहरसा। बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले और प्रतिनियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया है। इसके तहत बक्सर में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के पद पर तैनात पंकज कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें सदर सहरसा का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय के कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग की ओर से जारी आदेश में उन्हें अविलंब नये पद पर योगदान देने और अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

बक्सर से सहरसा भेजे गये पंकज कुमार सिंह

पंकज कुमार सिंह वर्तमान में बक्सर में डीएसपी मुख्यालय के पद पर कार्यरत थे। पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद उन्हें सदर सहरसा SDPO की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नये पद पर योगदान के बाद सदर अनुमंडल में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़ी पुलिसिंग की जिम्मेदारी उनके हाथों में होगी।

त्रिवेणीगंज में दिलीप कुमार की प्रतिनियुक्ति

इसी आदेश के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU), बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज, सुपौल के पद पर प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्हें भी शीघ्र नये पद पर योगदान देकर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

आलोक कुमार और विनय कुमार को मुख्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश

नये पदस्थापन के साथ सदर सहरसा के वर्तमान SDPO आलोक कुमार और त्रिवेणीगंज के SDPO विनय कुमार को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

संबंधित अधिकारियों को भेजी गयी आदेश की प्रतिलिपि

पुलिस मुख्यालय के कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों के अलावा कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

आदेश जारी होने के बाद सदर सहरसा और त्रिवेणीगंज अनुमंडल में SDPO स्तर पर प्रशासनिक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है।