Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 4 मौतों का खुला राज"तेरी बहन से चक्कर है…’ ताने से भड़का भाई, शराब में जहर मिलाकर पिलाया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 2, 2026

बिहार में 4 मौतों का खुला राज"तेरी बहन से चक्कर है…’ ताने से भड़का भाई, शराब में जहर मिलाकर पिलाया

बहन के लव अफेयर से नाराज भाई ने शराब में मिलाया जहर, 4 युवकों की मौत; 3 गिरफ्तार

पटना। बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में जहरीली शराब पीने से चार युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, शराब में जहर मिलाकर चार लोगों को पिलाया गया था। मामले में मुख्य आरोपी लाली कुमार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी सन्नी कुमार की तलाश जारी है।

पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के अनुसार, लाली कुमार अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था। पुलिस जांच में सामने आया कि लाली की बहन का मृतक निशु कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर लाली के दोस्त उसे अक्सर चिढ़ाया करते थे। इसी रंजिश में उसने निशु कुमार और उसके दोस्तों को शराब पार्टी में बुलाया और शराब में कथित तौर पर जहर मिलाकर पिला दिया।

शराब पीते ही बिगड़ी तबीयत

घटना 30 अगस्त की शाम की है। बेढ़ना गांव में पांच लोग शराब और मछली की पार्टी कर रहे थे। शराब पीने के कुछ ही देर बाद चार युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उनके मुंह से झाग निकलने लगा।

पार्टी में शामिल लाली कुमार ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद सभी को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।

मृतकों में चार युवक शामिल

मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू की।

15 सदस्यीय SIT ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO बाढ़-2 के नेतृत्व में 15 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का पता चला। पुलिस ने इसी एंगल पर आगे जांच करते हुए लाली कुमार और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक आलू विक्रेता है, जो सब्जी के साथ शराब भी बेचता था। घटना में एक नाबालिग के शामिल होने की बात भी सामने आई है। वहीं, आरोपी सन्नी कुमार की तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों ने किया था थाने का घेराव

घटना के बाद जहरीली शराब से मौत की बात सामने आने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

वहीं, मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह भी बेढ़ना गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिले थे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने परिजनों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।