Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:अपने ही पैतृक गांव के विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए प्रधानाध्यापक सत्येंद्र नारायण सिंह - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 1, 2026

SAHARSA:अपने ही पैतृक गांव के विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए प्रधानाध्यापक सत्येंद्र नारायण सिंह

अपने ही पैतृक गांव के विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए प्रधानाध्यापक सत्येंद्र नारायण सिंह

सहरसा/नवहट्टा। उत्क्रमित मध्य विद्यालय शाहीडीह, नवहट्टा के प्रधानाध्यापक सत्येंद्र नारायण सिंह करीब 30 वर्षों के लंबे एवं सफल शैक्षणिक सेवाकाल के बाद 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। खास बात यह रही कि वर्ष 1996 से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने वाले सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने ही पैतृक गांव शाहीडीह स्थित विद्यालय से प्रधानाध्यापक के पद पर रहते हुए सेवानिवृत्ति ली।

करीब तीन दशक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न विद्यालयों में कार्य करते हुए शिक्षा के विकास और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सरल, मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित व्यवहार के कारण वे शिक्षक समाज, विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच लोकप्रिय रहे।

विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नवहट्टा आशीष कुमार और लेखापाल सरोज कुमार ने उनके लंबे शैक्षणिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र नारायण सिंह जैसे समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों की सेवाएं शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

पूर्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्यप्रकाश सिंह भी समारोह के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र नारायण सिंह के व्यवहार, कार्यशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण से वे हमेशा प्रभावित रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी लंबी और समर्पित सेवा सराहनीय एवं अनुकरणीय है।

विदाई समारोह में शिक्षकों, ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र, छाता, डायरी एवं फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और भावभीनी विदाई दी। अपने प्रिय प्रधानाध्यापक की विदाई के मौके पर शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भावुक हो उठे।

समारोह में नुनु मनी सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री, बिहार; रंजन सिंह, कोषाध्यक्ष, बिहार; कामेश्वर सिंह आजाद, प्रखंड शिक्षक संघ अध्यक्ष; मिथिलेश सिंह, भूतपूर्व शिक्षक संघ सचिव, नवहट्टा-सहरसा; निर्भय कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक; मोहम्मद औजार अहमद, प्रखंड शिक्षक संघ सचिव; जीवछ राय, भूतपूर्व प्रधानाध्यापक समेत नगर पंचायत नवहट्टा क्षेत्र के कई प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक मौजूद रहे।

उपस्थित लोगों ने कहा कि करीब तीन दशकों तक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने वाले सत्येंद्र नारायण सिंह का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अपने ही गांव के विद्यालय और ग्रामीणों के बीच सेवानिवृत्ति लेना उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व और भावुकता का अविस्मरणीय अवसर बन गया।