अररिया में 817 ग्राम स्मैक बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार; दो फरार
अररिया में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैरगाछी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 817 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान कार सवार दो युवक फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
सुपौल ले जाई जा रही थी स्मैक की खेप
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि जोकीहाट की ओर से झारखंड नंबर की एक कार में स्मैक की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग सुपौल की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अजमतपुर के पास एनएच-327ई पर वाहन जांच शुरू की।
पुलिस को देखते ही कार छोड़कर भागे युवक
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, कार में सवार तीन युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के तरही भवानीपुर निवासी मो. नौवेद खान के रूप में हुई है।
जिपर और डैशबोर्ड से मिली स्मैक
कार की तलाशी लेने पर एक जिपर से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड से 717 ग्राम स्मैक मिली। इस तरह पुलिस ने कुल 817 ग्राम स्मैक जब्त की। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।
फरार आरोपियों की तलाश, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले में बैरगाछी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके लिए तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में बैरगाछी थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक ज्वाला प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, पीटीसी गोविंद खोजवार, सिपाही अंकित कुमार और राम प्रसाद पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।