पूर्णिया में मनिरुद्दीन हत्याकांड का खुलासा: समधी की पत्नी से कथित संबंध के शक में हत्या, शव पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का दिया रूप; 4 गिरफ्तार
पूर्णिया: भवानीपुर थाना क्षेत्र के शहीदगंज निवासी मो. मनिरुद्दीन उर्फ पूरन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मनिरुद्दीन की हत्या उसके समधी मो. इलियास की पत्नी के साथ कथित संबंध के शक को लेकर रची गई साजिश के तहत की गई। हत्या के बाद शव को बहियार में पेड़ से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक के समधी रोशनगंज निवासी मो. इलियास, एक नाबालिग, रोशनगंज वार्ड नंबर-1 निवासी खंजो शाह और अकबरपुर थाना क्षेत्र के बांकी निवासी मो. ओसामा शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया।
कथित संबंध के शक में रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मो. इलियास को अपनी पत्नी और मनिरुद्दीन के बीच कथित संबंध की जानकारी होने का शक था। इसी को लेकर विवाद हुआ और फिर मनिरुद्दीन की हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को बहियार में पेड़ से लटका दिया गया, ताकि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लगे।
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य से जांच आगे बढ़ी
हत्याकांड के बाद धमदाहा के प्रभारी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। भवानीपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ आरोपियों से पूछताछ की। उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों का मिलान करने के बाद पुलिस ने चार लोगों की कथित संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया।
समधन का भी दर्ज कराया गया बयान
जांच के दौरान पुलिस ने मो. इलियास की पत्नी का बयान भी दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर उससे पूछताछ की गई और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया गया। उसे न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भी प्रस्तुत किया गया।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का अनुसंधान अभी जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कोशी लाइव की रिपोर्ट