Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया: सरकारी डॉक्टर ड्यूटी से गायब, OPD में मरीजों की जांच कर दवाइयां लिख रहा था युवक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 18, 2026

पूर्णिया में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया: सरकारी डॉक्टर ड्यूटी से गायब, OPD में मरीजों की जांच कर दवाइयां लिख रहा था युवक

पूर्णिया के जलालगढ़ PHC में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया: सरकारी डॉक्टर ड्यूटी से गायब, OPD में मरीजों की जांच कर दवाइयां लिख रहा था युवक

पूर्णिया: जलालगढ़ पीएचसी में उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी डॉक्टर की जगह एक बाहरी युवक ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच और दवाइयां लिखते हुए पकड़ा गया। मरीजों को शक होने पर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी पहचान भागलपुर निवासी समीर कुमार के रूप में हुई।

बताया गया कि जलालगढ़ पीएचसी में पदस्थापित चिकित्सक डॉ. शंभू कुमार यादव अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान समीर कुमार ओपीडी कक्ष में बैठकर मरीजों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ले रहा था और पर्चे पर दवाइयां लिख रहा था।

मरीजों को बातचीत से हुआ शक

कुछ मरीजों और उनके परिजनों को युवक के व्यवहार पर संदेह हुआ। लोगों ने उससे नाम, पद और मेडिकल योग्यता के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों का शक और गहरा गया। पहचान की जांच में उसके सरकारी डॉक्टर नहीं होने की बात सामने आई।

इसके बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध शुरू हो गया। सूचना मिलने पर जलालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

अस्पताल की ओर से नहीं मिला लिखित आवेदन

जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया। इस कारण उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग या अस्पताल प्रशासन की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने मांगी पूरे मामले की रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधान पार्षद अनिल ठाकुर भी पीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

ड्यूटी से गायब डॉक्टर से 24 घंटे में जवाब मांगा

पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसके दास ने बताया कि ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए डॉ. शंभू कुमार यादव को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनकी अनुपस्थिति में ओपीडी का संचालन कैसे हो रहा था।

उन्होंने बताया कि मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फर्जी डॉक्टर के खिलाफ अब तक अस्पताल की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट