Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:पुरैनी में मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन-समर्थक, SH-58 जाम कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

MADHEPURA:पुरैनी में मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन-समर्थक, SH-58 जाम कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पुरैनी में मुखिया प्रतिनिधि की हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन-समर्थक, SH-58 जाम कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

मधेपुरा/पुरैनी। पुरैनी थाना क्षेत्र की नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की गोली मारकर हत्या के बाद मंगलवार सुबह परिजन और समर्थक आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने योगीराज स्थित मृतक के आवास के पास एसएच-58 को जाम कर दिया। सुबह करीब सात बजे तक ग्रामीण और समर्थक सड़क पर डटे रहे। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।

रात से ही गांव में पुलिस का कैंप

विक्की मेहता की हत्या के बाद से ही पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस रात से ही योगीराज स्थित मृतक के आवास और गांव में कैंप कर रही है। उदाकिशुनगंज सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, बिहारीगंज थाना पुलिस समेत अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।

पुलिस ने अंतिम संस्कार तक इलाके की स्थिति पर नजर बनाए रखी। घटना के बाद किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पांच नामजद समेत 8-10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

मृतक की भाभी और नरदह पंचायत की वर्तमान मुखिया रीता कुमारी के फर्द बयान पर पुरैनी थाना में पांच नामजद आरोपियों समेत करीब 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।

नया टोला चौक पर ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या

बताया गया कि सोमवार की रात पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक पर विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इलाके में तनाव को देखते हुए रात से ही कई स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई।

आपराधिक मामलों में भी सामने आता रहा था नाम

पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से बताया जा रहा है कि विक्की मेहता का नाम वर्ष 2007 से अब तक पुरैनी थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में सामने आया था। उसके खिलाफ डकैती, हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

बताया जाता है कि वह लंबे समय तक जेल में भी रहा था और करीब एक वर्ष पहले जमानत पर बाहर आया था। हालांकि, वर्तमान हत्या की घटना में इन पुराने मामलों की भूमिका क्या है, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

जदयू से जुड़ाव की भी चर्चा

विक्की मेहता के फिलहाल जदयू से जुड़े होने की बात कही जा रही थी। इसी वजह से क्षेत्र में उसे राजनीतिक संरक्षण मिलने को लेकर भी चर्चाएं होती रही थीं। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और वारदात में किसकी क्या भूमिका रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।

पंचायत और सामाजिक गतिविधियों में था सक्रिय

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से विक्की मेहता पंचायत के कामकाज और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान पंचायत से जुड़े कार्यों में उसकी सक्रियता बढ़ी थी और हाल के दिनों में उसके खिलाफ किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आने की बात कही जा रही है।

गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर बढ़ा दबाव

हत्या के बाद परिजनों और समर्थकों के सड़क पर उतरने तथा एसएच-58 जाम किए जाने से पुलिस पर नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर दिया गया, लेकिन परिजन और समर्थक अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के कारण, वारदात की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोशी लाइव की रिपोर्ट