Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:आर्केस्ट्रा से 40 नाबालिग लड़कियां मुक्त: 2 रात पुलिस ने चलाया अभियान, संचालक समेत 15 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 16, 2026

BIHAR:आर्केस्ट्रा से 40 नाबालिग लड़कियां मुक्त: 2 रात पुलिस ने चलाया अभियान, संचालक समेत 15 गिरफ्तार

मधुबनी में आर्केस्ट्रा से 40 नाबालिग लड़कियां मुक्त: 2 रात पुलिस ने चलाया अभियान, संचालक समेत 15 गिरफ्तार

मधुबनी में आर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग लड़कियों से काम कराने और उनके कथित शोषण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 14 और 15 सितंबर की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 40 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान आर्केस्ट्रा संचालक समेत 12 पुरुष और 3 महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार, पटना और मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निर्देश पर चलाया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के आदेश पर साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में विभिन्न थानों की पुलिस, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था और चाइल्डलाइन के सदस्य शामिल थे।

कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी

विशेष टीम ने बासोपट्टी, अरेर, बेनीपट्टी, खजौली और लौकहा थाना क्षेत्रों समेत जिले के अन्य इलाकों में चल रहे आर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने मुक्त कराया।

सभी 40 लड़कियों को सुरक्षित रूप से मधुबनी महिला थाना लाया गया। पुलिस ने मामले में आर्केस्ट्रा संचालक समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

BNS, JJ एक्ट और POCSO के तहत केस

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में महिला थाना में 15 सितंबर 2026 को कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS), किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act), बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।

गिरफ्तार किए गए पुरुष आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में गिरफ्तार महिलाओं की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

CWC के सामने पेश की जाएंगी नाबालिग लड़कियां

पुलिस ने बताया कि मुक्त कराई गई सभी नाबालिग लड़कियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद समिति के निर्देश के अनुसार उनके संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

दूसरे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों को किस तरह काम कराया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच में आर्केस्ट्रा संचालकों, कर्मचारियों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना है।