शराब तस्करी का नया तरीका: गाड़ियों में ‘किराए की चाची’ बनकर बैठती थीं महिलाएं, रोज मिलते थे ₹10 हजार
बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब शराब की खेप ले जाने वाली गाड़ियों में महिलाओं को बैठाकर उन्हें परिवार की सदस्य या घरेलू महिला के रूप में पेश करने का मामला सामने आया है। उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान इस नए तरीके का खुलासा हुआ है।
हाल ही में सीतामढ़ी जिले में पकड़ी गई एक महिला ने पूछताछ में बताया कि वह शराब लदी गाड़ियों में सफर करने के बदले धंधेबाजों से प्रतिदिन करीब 10 हजार रुपये लेती थी। वह यूपी समेत दूसरे राज्यों से शराब लेकर आने वाली गाड़ियों में घरेलू महिला बनकर सफर करती थी।
महिला को देखकर कम जांच का फायदा उठाने की कोशिश
पूछताछ में महिला ने बताया कि तस्करों की सोच रहती है कि गाड़ी में किसी महिला या युवती के बैठने पर पुलिस उसे सामान्य पारिवारिक वाहन समझ सकती है और जांच की संभावना कम हो सकती है। इसी का फायदा उठाकर तस्कर शराब की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
चालक ने बताया था महिला को ‘चाची’
उत्पाद निरीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के अनुसार, शराब लदी एक गाड़ी को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने गाड़ी में बैठी महिला को अपनी ‘चाची’ बताया और कहा कि वह उसे बेतिया ले जा रहा है।
जब शराब या किसी प्रतिबंधित सामान के बारे में पूछा गया तो चालक ने पुलिस को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि गाड़ी में महिला बैठी है, इसलिए उसमें शराब या कोई प्रतिबंधित सामान होने का सवाल ही नहीं है।
हालांकि उत्पाद विभाग की टीम को चालक की बात पर शक हुआ। इसके बाद गाड़ी की स्कैनर मशीन से जांच कराई गई। जांच में वाहन के अंदर बने तहखाने और अन्य हिस्सों में शराब की बोतलें छिपाकर रखे जाने का पता चला।
27 अगस्त को पकड़ी गई थी शराब की खेप
उत्पाद विभाग के अनुसार, 27 अगस्त को कार संख्या DL 10 CD 2388 से करीब 68 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। इस मामले में यूपी निवासी अवध किशोर पांडेय, सीतामढ़ी निवासी संजीव कुमार और एक महिला को गिरफ्तार किया गया था।
इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी में महिलाओं के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया है। उत्पाद विभाग ने अब ऐसे मामलों को लेकर निगरानी बढ़ा दी है और शराब लदी गाड़ियों में महिलाओं की मौजूदगी को भी जांच के दौरान गंभीरता से लेने की बात कही है।
कोशी लाइव | नई सोच नई खबर