Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:किराना दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, 48.69 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ 4 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 10, 2026

MADHEPURA:किराना दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, 48.69 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ 4 गिरफ्तार

चौसा में किराना दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, 48.69 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ 4 गिरफ्तार

मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। अरजपुर में एक किराना दुकान की आड़ में युवाओं को स्मैक बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 48.69 ग्राम स्मैक, 86,570 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू, एल्युमिनियम फॉइल पेपर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

MANAS पोर्टल पर मिली थी सूचना

प्रभारी थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार के अनुसार, मंगलवार को MANAS पोर्टल के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि अरजपुर में शुभम कुमार अपनी किराना दुकान की आड़ में स्मैक बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी उदयकांत मिश्र की मौजूदगी में छापेमारी के लिए टीम गठित की।

पुलिस टीम ने अरजपुर स्थित शुभम कुमार की किराना दुकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दुकान पर मौजूद तीन युवक भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया।

दुकान से 7.16 ग्राम स्मैक और 70 हजार से अधिक नकद बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरजपुर निवासी शुभम कुमार (31), साधु टोला निवासी प्रभु कुमार (19) और सोनवर्षा टोला निवासी मो. जसीम (22) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से 43 पुड़िया स्मैक, कुल 7.16 ग्राम, एक डिजिटल तराजू, दो मोबाइल फोन, एल्युमिनियम फॉइल पेपर और 70,390 रुपये नकद बरामद किए।

मुख्य सप्लायर के घर भी छापेमारी

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि स्मैक की आपूर्ति नरधू टोला निवासी चंदन कुमार करता है। इसके बाद पुलिस टीम ने चंदन कुमार के घर पर छापेमारी की।

घर की तलाशी के दौरान बिस्तर के नीचे छिपाकर रखी गई पॉलिथीन से स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने वहां से 33 पुड़िया स्मैक, कुल 41.53 ग्राम, एक डिजिटल तराजू, एक मोबाइल फोन और 16,180 रुपये नकद बरामद किए।

86,570 रुपये और 48.69 ग्राम स्मैक जब्त

पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 76 पुड़िया में 48.69 ग्राम स्मैक, 86,570 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू, एल्युमिनियम फॉइल पेपर और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

छापेमारी टीम में एसआई विक्रम कुमार, एएसआई विनय कुमार के अलावा सिपाही आशीष कुमार, चंदन कुमार, रवि कुमार सिंह, खुशबू कुमारी और श्वेता कुमारी शामिल थे।