सासाराम के स्कूल में शिक्षक दिवस पर बवाल, दो शिक्षिकाओं ने शिक्षक को पीटा; 5 शिक्षक निलंबित
बच्चों के सामने मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
सासाराम के नोखा प्रखंड स्थित चनकी स्कूल परिसर से शिक्षक दिवस के दिन का एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में दो शिक्षिकाएं मिलकर एक शिक्षक की पिटाई करती नजर आ रही हैं। इस दौरान गाली-गलौज भी की जा रही है, जबकि दो अन्य शिक्षक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के वक्त स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे।
वायरल वीडियो 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद शिक्षा विभाग ने मामले में शामिल पांच शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दो शिक्षिकाओं ने शिक्षक की कर दी पिटाई
वायरल वीडियो में उच्च माध्यमिक विद्यालय प्लस टू, चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी और इसी परिसर में संचालित मध्य विद्यालय की शिक्षिका उमा कुमारी एक शिक्षक नित्यानंद भारती के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में पहले शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच बहस होती है। इसके बाद विवाद बढ़ जाता है और दोनों शिक्षिकाएं शिक्षक की पिटाई करने लगती हैं। इस दौरान एक शिक्षिका शिक्षक पर ‘बैड टच’ का आरोप लगाती हुई भी सुनाई देती हैं।
मारपीट के दौरान शिक्षक नित्यानंद भारती खुद को बचाने के लिए विद्यालय परिसर से बाहर भागने का प्रयास करते नजर आते हैं।
दो शिक्षक वीडियो बनाते रहे
घटना के दौरान विद्यालय में मौजूद दो अन्य शिक्षकों अभिषेक उपाध्याय और उमेश कुमार की भूमिका भी जांच के दायरे में है। वायरल वीडियो में दोनों के घटनास्थल पर मौजूद होने की बात सामने आई है।
शिक्षा विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि पूरे विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना के दौरान मौजूद सभी शिक्षकों की क्या भूमिका थी।
पहले से चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच पिछले कुछ दिनों से छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव और कहासुनी चल रही थी। इसी विवाद ने शिक्षक दिवस के दिन गंभीर रूप ले लिया।
मामले में एक शिक्षक नोखा थाना भी पहुंचे थे, लेकिन वरीय अधिकारियों के बीच-बचाव के कारण तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।
बच्चों के सामने हुई घटना से उठे सवाल
शिक्षक दिवस के मौके पर बच्चों के सामने स्कूल परिसर में मारपीट, गाली-गलौज और अमर्यादित व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शिक्षक बच्चों के लिए अनुशासन और संस्कार का उदाहरण होते हैं। ऐसे में विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
शिक्षा विभाग की जांच में पांच शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। विभागीय स्तर पर आगे की जांच और अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।