पूर्णिया में बस से 1.02 लाख लॉटरी टिकट बरामद, दो गिरफ्तार
पूर्णिया पुलिस ने शुक्रवार को लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,02,900 लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद लॉटरी टिकटों की बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना पर बस की जांच
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने सदर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अररिया से पूर्णिया आने वाली सवारी बस संख्या BR37P-8211 से बड़ी मात्रा में लॉटरी टिकट लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने शिशाबाड़ी के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान उक्त बस को रोककर तलाशी ली गई। बस रुकते ही एक व्यक्ति उतरकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
डिक्की में कार्टन से मिले टिकट
पकड़े गए युवक की पहचान ललटू कुमार यादव (20) के रूप में हुई। वह अररिया के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के परवाहा गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने बस की डिक्की की तलाशी ली तो पीले रंग के प्लास्टिक बोरे में एक कार्टन मिला। कार्टन खोलने पर उसमें 1,02,900 लॉटरी टिकट बरामद हुए। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
बस स्टैंड के पास दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
पूछताछ में ललटू ने पुलिस को बताया कि लॉटरी एक व्यक्ति कार से लेकर आया था। इसके बाद इसे बस स्टैंड के किरानी दर्शन कुमार के माध्यम से बस में दिया गया था। लॉटरी को पूर्णिया बस स्टैंड के पास मिथुन कुमार पासवान को सौंपना था।
ललटू की निशानदेही पर पुलिस ने पूर्णिया बस स्टैंड के पास छापेमारी कर मिथुन कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वीवो कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान मिथुन कुमार पासवान उर्फ अभिषेक पासवान (32) के रूप में हुई है। वह पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र के न्यू सिपाही टोला का रहने वाला है।
लॉटरी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार पूर्णिया में कई जगहों पर लॉटरी की खरीद-बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस बरामद लॉटरी के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और लॉटरी की सप्लाई कहां से की जा रही थी।