Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:ट्रेनिंग के दौरान पुलिस जवान की मौत: डेढ़ महीने पहले हुआ था बिहार पुलिस में सिलेक्शन, बैरक की तीसरी मंजिल से गिरा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 7, 2026

BIHAR:ट्रेनिंग के दौरान पुलिस जवान की मौत: डेढ़ महीने पहले हुआ था बिहार पुलिस में सिलेक्शन, बैरक की तीसरी मंजिल से गिरा

बक्सर में ट्रेनिंग के दौरान पुलिस जवान की मौत: डेढ़ महीने पहले हुआ था बिहार पुलिस में सिलेक्शन, बैरक की तीसरी मंजिल से गिरा; जांच में जुटी पुलिस

गया/बक्सर। बिहार पुलिस में चयन के महज डेढ़ महीने बाद ही एक नवचयनित जवान की बक्सर में ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। रविवार दोपहर डुमरांव स्थित पुलिस ट्रेनिंग परिसर में जवान बैरक की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद ट्रेनिंग कर रहे साथी जवान उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवा गांव निवासी मिथिलेश कुमार सिंह के 24 वर्षीय बेटे रजनीश कुमार के रूप में हुई है। रजनीश का करीब डेढ़ महीने पहले बिहार पुलिस में जवान के पद पर चयन हुआ था। उनकी पोस्टिंग बेगूसराय जिले में की गई थी और पोस्टिंग के बाद उन्हें ट्रेनिंग के लिए बक्सर के डुमरांव भेजा गया था।

तीसरी मंजिल से अचानक नीचे गिरा जवान

बताया जा रहा है कि रविवार को डुमरांव पुलिस ट्रेनिंग कैंप में रोज की तरह प्रशिक्षण चल रहा था। दोपहर करीब दो बजे रजनीश बैरक की तीसरी मंजिल पर था। इसी दौरान वह अचानक छत से नीचे गिर गया।

ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रेनिंग सेंटर में मौजूद साथी जवानों ने उसे तत्काल इलाज के लिए बक्सर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद ट्रेनिंग सेंटर और पुलिस की ओर से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

हादसे से करीब आधे घंटे पहले परिवार से हुई थी बात

परिजनों के मुताबिक, घटना से करीब आधे घंटे पहले रजनीश ने WhatsApp कॉल के जरिए परिवार के लोगों से बातचीत की थी। उस समय सब कुछ सामान्य था।

परिवार से बातचीत के कुछ ही देर बाद करीब दो बजे उसके तीसरी मंजिल से गिरने की सूचना मिली। अचानक जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कोच को पहले मिली मौत की सूचना

बताया गया कि ट्रेनिंग सेंटर की ओर से सबसे पहले रजनीश के कोच रहे मिंटू को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद मिंटू ने रजनीश के परिजनों को इसकी सूचना दी।

मिंटू वजीरगंज में आर्मी भर्ती की कोचिंग चलाते हैं। सूचना मिलने के बाद वह रजनीश के परिवार के साथ डुमरांव पहुंचे। वहां उन्होंने रजनीश को मृत अवस्था में देखा।

परिजनों को बताया गया कि जवान छत से गिर गया था। हालांकि, वह किस परिस्थिति में छत से नीचे गिरा, इसको लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

गरीब परिवार से था रजनीश

रजनीश बेहद सामान्य आर्थिक स्थिति वाले परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके पिता मिथिलेश कुमार सिंह गांव में पान की दुकान चलाते हैं। परिवार को बेटे के बिहार पुलिस में चयन से काफी उम्मीदें थीं।

करीब डेढ़ महीने पहले रजनीश के पुलिस में चयन के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह पुलिस की नौकरी शुरू करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम

रजनीश का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के सरकारी नौकरी में चयन पर परिवार खुशियां मना रहा था, उसकी अचानक मौत से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

हादसा या कुछ और? जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह

फिलहाल रजनीश की मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह तीसरी मंजिल की छत से किस परिस्थिति में नीचे गिरा।

घटना के समय रजनीश के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और वह छत पर किस काम से गया था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। डुमरांव पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत महज हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।