बिना टिकट फर्स्ट AC में 1100 KM का सफर: पुलिस ने टोका तो अंग्रेजी में बात करने लगी महिला; बोली- शादी के लिए शराब खरीदी है, जीजा के साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थम नहीं रहा है। तस्कर पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां दिल्ली से दरभंगा जा रही ट्रेन के फर्स्ट AC के VIP कूपे से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने नेहा झा और उसके जीजा ईशान कुमार को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि नेहा बिना टिकट फर्स्ट AC में सफर कर रही थी। वह अपनी बड़ी बहन के देवर ईशान कुमार के नाम से बुक H-1 कोच की बर्थ संख्या-7 पर बैठी थी। दोनों ने नई दिल्ली से समस्तीपुर तक करीब 1100 किलोमीटर का सफर तय किया।
VIP कूपे का दरवाजा अंदर से था बंद
रेलवे पुलिस को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि ट्रेन के VIP कूपे में एक युवती शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार आ रही है। ट्रेन संख्या 12562 के समस्तीपुर पहुंचते ही RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम H-1 कोच के कूपे तक पहुंची।
पुलिस ने कूपे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कुंडी लगी थी। कई बार आवाज देने के बाद नेहा ने दरवाजा खोला। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ शुरू होते ही वह अंग्रेजी में बात करने लगी और पुलिसकर्मियों से बहस भी करने लगी।
इसके बाद टीम ने वीडियोग्राफी कराते हुए कूपे और सामान की तलाशी ली।
आठ बैग और ब्रीफकेस से मिली 100 बोतल शराब
तलाशी के दौरान नेहा के सामान से आठ बैग और ब्रीफकेस मिले। इनमें अलग-अलग कंपनियों की करीब 100 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 75 लीटर और कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है।
पूछताछ में नेहा ने पुलिस को बताया कि उसके घर में शादी का कार्यक्रम है और इसी वजह से वह हरियाणा से शराब खरीदकर दरभंगा ले जा रही थी। हालांकि, पुलिस की जांच में उसके शादी वाले दावे पर सवाल उठे हैं।
बिना टिकट फर्स्ट AC में कैसे पहुंची?
पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा के पास इस यात्रा का अपना टिकट नहीं था। जिस बर्थ पर वह बैठी थी, वह उसके रिश्ते में जीजा लगने वाले ईशान कुमार के नाम से बुक थी। ईशान भी उसी कूपे में मौजूद था।
सूत्रों के मुताबिक, यात्रा के दौरान टिकट और बेडरोल से जुड़े कर्मचारियों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान शराब लेकर यात्रा कर रही नेहा के बारे में रेल पुलिस को सूचना मिलने की बात सामने आई।
मोबाइल में मिले डॉक्टरों और कारोबारियों के नंबर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नेहा और ईशान के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, WhatsApp चैट और अन्य जानकारी खंगाली जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की खेप किसके लिए लाई जा रही थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसका रिसीवर कौन था।
सूत्रों के अनुसार, नेहा के मोबाइल में दरभंगा के कई डॉक्टरों और बड़े कारोबारियों के नंबर भी मिले हैं। पुलिस इन नंबरों और आरोपियों की बातचीत की जांच कर रही है। हालांकि, केवल मोबाइल में नंबर मिलने से इन लोगों की किसी अपराध में संलिप्तता साबित नहीं होती।
परिवार के लोग पहले भी शराब मामले में पकड़े जा चुके हैं
रेलवे पुलिस की जांच में नेहा के परिवार से जुड़े लोगों के खिलाफ पहले शराब के मामलों में कार्रवाई होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा के पिता संजय कुमार झा को करीब दो साल पहले शराब मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
वहीं, नेहा की बड़ी बहन निशु झा को दरभंगा उत्पाद विभाग ने 30 नवंबर 2025 को करीब 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था।
जीजा के साथ तस्करी में शामिल होने का आरोप
नेहा दरभंगा के केएस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर चुकी है और चार बहनों में सबसे छोटी बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ गिरफ्तार ईशान कुमार इस मामले में उसके साथ था।
अब पुलिस दोनों के मोबाइल और संपर्कों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन के जरिए लाई गई शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
फिलहाल नेहा झा और ईशान कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरपीएफ की ओर से कार्रवाई के दौरान की गई वीडियोग्राफी भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।