Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शिक्षिका से दुर्व्यवहार के आरोप में प्रधान शिक्षक निलंबित - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 16, 2026

BIHAR:शिक्षिका से दुर्व्यवहार के आरोप में प्रधान शिक्षक निलंबित

दरभंगा में शिक्षिका से दुर्व्यवहार के आरोप में प्रधान शिक्षक निलंबित

दरभंगा के हनुमाननगर प्रखंड के मोरो थाना क्षेत्र स्थित खपरपुरा प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक कुमार गौरव पर शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार, अश्लील हरकत, मानसिक प्रताड़ना और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं। मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधान शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शिक्षिका की शिकायत पर मोरो थाना में प्रधान शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। शिकायत में अश्लील टिप्पणी करने, अश्लील वीडियो दिखाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा था। बताया गया कि उनके जवाब से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मणिशंकर सिंह संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद बीईओ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से निलंबन की अनुशंसा की।

अनुशंसा के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने कुमार गौरव को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें घनश्यामपुर बीआरसी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मंगलवार को उन्होंने संबंधित बीईओ के समक्ष योगदान भी कर दिया।

45 दिनों में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश

शिक्षा विभाग ने मामले की विभागीय जांच की जिम्मेदारी पीओ रंजना कुमारी को दी है। उन्हें 45 दिनों के भीतर विभागीय कार्यवाही पूरी कर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया प्रधान शिक्षक का आचरण सरकारी कर्मी के अनुरूप नहीं पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की वास्तविकता विभागीय जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। वहीं, पुलिस भी दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।