Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: पूर्णियां में बेटी ने दूसरी जाति के लड़के से की लव मैरिज, पिता ने जिंदा बेटी का कर दिया 'अंतिम संस्कार' - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 16, 2026

BIHAR: पूर्णियां में बेटी ने दूसरी जाति के लड़के से की लव मैरिज, पिता ने जिंदा बेटी का कर दिया 'अंतिम संस्कार'

पूर्णिया में जिंदा बेटी की निकाली अर्थी: प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार, पिता ने दी मुखाग्नि

पूर्णिया के नगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने उसे जीते-जी मृत मानते हुए उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार ने फूस और कपड़े से युवती का पुतला तैयार किया, उस पर उसकी तस्वीर लगाई और बाकायदा अर्थी निकालकर पूरे इलाके में शव यात्रा निकाली। इसके बाद श्मशान घाट पहुंचकर पिता ने पुतले को मुखाग्नि दी।

मामला 18 वर्षीय रिया गोस्वामी से जुड़ा है। रिया ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ अपनी पसंद के युवक मिलन कुमार से कोर्ट मैरिज कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जातियों से हैं। शादी के बाद रिया ने फोन कर परिजनों को अपनी मर्जी से शादी करने की जानकारी भी दी थी।

करीब 3 साल से चल रहा था प्रेम संबंध

बताया गया कि रिया और मिलन कुमार एक ही गांव चपई के रहने वाले हैं। दोनों के घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी है। रिया कॉलेज में पढ़ाई करती थी और इसी दौरान दोनों की मुलाकात बढ़ी। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध था।

रिया फिलहाल कॉलेज में पार्ट-1 की छात्रा है। कॉलेज आने-जाने के दौरान दोनों की बातचीत और मुलाकात होती रही। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे।

8 सितंबर को घर से निकलकर की कोर्ट मैरिज

परिवार की ओर से बताया गया कि रिया की शादी पहले ही तय कर दी गई थी। पिता मनोज कुमार गोस्वामी के अनुसार, भागलपुर के एक युवक से शादी की बात तय हुई थी और नवंबर में शादी की तारीख रखी गई थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।

इसी बीच 8 सितंबर को रिया घर से चली गई और अपनी पसंद के युवक मिलन कुमार के साथ कोर्ट में शादी कर ली। शादी के बाद उसने परिवार को फोन करके बताया कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है।

नाराज परिवार ने निकाली सांकेतिक शव यात्रा

बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने इसके बाद रिया का पुतला बनाया। पुतले पर रिया की तस्वीर लगाई गई। उसे अर्थी पर रखकर लोगों ने कंधा दिया और पूरी बस्ती में सांकेतिक शव यात्रा निकाली।

इस दौरान अंतिम यात्रा की तरह धार्मिक नारे भी लगाए गए। इसके बाद पुतले को श्मशान घाट ले जाया गया। वहां पिता मनोज कुमार गोस्वामी ने पुतले को मुखाग्नि दी।

परिवार की ओर से रिया को मृत मानते हुए आगे की रस्में निभाने की बात भी कही गई है। पिंडदान और श्राद्ध जैसी रस्मों की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।

पिता बोले- बेटी ने हमारा सिर झुका दिया

रिया के पिता मनोज कुमार गोस्वामी ने कहा कि उन्होंने बेटी को पढ़ाया-लिखाया और बड़ा किया, लेकिन उसने परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी कर ली। उन्होंने कहा कि अब वह बेटी से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहते।

परिवार का कहना है कि बेटी की शादी पहले से तय थी और परिवार उसके विवाह की तैयारी कर रहा था। अचानक उसके घर से चले जाने और दूसरी जगह शादी करने से उन्हें सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने कहा- ऐसी घटना दोबारा न हो

ग्रामीण अवधेश कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले सामाजिक स्तर पर बैठक भी की गई थी। दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने और आपसी सहमति से मामला सुलझाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों अलग हो जाएं और पहले की तरह परिवार के साथ रहें, लेकिन दोनों इसके लिए तैयार नहीं हुए।

इसके बाद समाज की बैठक में रिया को मृत मानकर सांकेतिक अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया गया।

प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी रिया

परिवार और ग्रामीणों की ओर से अलग होने का दबाव बनाए जाने के बावजूद रिया और मिलन कुमार अपने फैसले पर कायम हैं। दोनों ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सांकेतिक अंतिम संस्कार को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, पूरे मामले में परिवार और युवती के बीच रिश्ते को लेकर विवाद बना हुआ है।