514 ग्राम स्मैक के साथ 3 महिलाएं गिरफ्तार, पूर्णिया से कटिहार पहुंची थीं खेप लेकर
कटिहार। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ रौतारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने NH-131A पर गोविंदपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान 514 ग्राम स्मैक के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीला पदार्थ जब्त कर तीनों के खिलाफ रौतारा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नाजरा खातून, गुल्सो उर्फ गुलशन खातून और भबुदा खातून के रूप में हुई है। तीनों पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के जावर गांव की रहने वाली हैं।
रौतारा थाना अध्यक्ष लालसार बिंद के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नशीले पदार्थ की एक खेप लेकर कुछ लोग इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर गोविंदपुर के पास NH-131A पर वाहन चेकिंग शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान तीनों महिलाएं संदिग्ध मिलीं। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 514 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और नशीला पदार्थ जब्त कर लिया।
मामले में रौतारा थाना कांड संख्या 187/26 दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पूछताछ और अन्य प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों महिलाओं को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए इलाके में लगातार वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है।