मधेपुरा में शराब और सूखा नशा के खिलाफ अभियान, 11 गिरफ्तार
मधेपुरा। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। विभाग की टीम ने चौसा, मधेपुरा, उदाकिशुनगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच के साथ दवा दुकानों की भी तलाशी ली गई।
कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ एक गिरफ्तार
मधेपुरा थाना क्षेत्र के बाजार टोला साहूगढ़, वार्ड नंबर 8 में छापेमारी के दौरान करीब एक लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की गई।
5.100 लीटर चुलाई शराब बरामद
चौसा थाना क्षेत्र के सहोरिया टोला में छापेमारी के दौरान 5.100 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इस मामले में बलराम कुमार को गिरफ्तार किया गया।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 9 गिरफ्तार
अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों पर ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच की गई। जांच में शराब सेवन के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह पूरे अभियान में शराब और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से शराब और अन्य अवैध नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की है।