नालंदा में 28 हजार रुपये रिश्वत लेते BCO गिरफ्तार, निगरानी ने रंगेहाथ दबोचा
नालंदा। करायपरसुराय प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (BCO) संतोष कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने 28 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह शान पंचायत के सांध गांव निवासी अभिषेक कुमार को प्रबंधक का कार्यभार सौंपने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने सत्यापन कराया और बुधवार को कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार को नियमानुसार प्रबंधक का कार्यभार सौंपा जाना था। आरोप है कि बीसीओ संतोष कुमार पिछले करीब दो वर्षों से कार्यभार देने के मामले को टाल रहे थे। बाद में प्रक्रिया पूरी करने के बदले उनसे 28 हजार रुपये की मांग की गई।
रिश्वत देने के बजाय अभिषेक कुमार ने मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सामने आने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।
केमिकल लगे नोट देते ही टीम ने दबोचा
सत्यापन पूरा होने के बाद डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की टीम ने धावा दल का गठन किया। तय योजना के अनुसार परिवादी अभिषेक कुमार ने बीसीओ संतोष कुमार को केमिकल लगे 28 हजार रुपये दिए।
रुपये लेते ही आसपास सादे कपड़ों में मौजूद निगरानी टीम ने बीसीओ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ के बाद विशेष अदालत में होगी पेशी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी बीसीओ को अपने साथ पटना ले गई। यहां आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
निगरानी की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड मुख्यालय और सहकारिता विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में निगरानी विभाग की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।