Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:कोचिंग टीचर पर 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज: एक साल से प्रेम और शादी का झांसा देने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 23, 2026

BIHAR:कोचिंग टीचर पर 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज: एक साल से प्रेम और शादी का झांसा देने का आरोप

बेगूसराय में कोचिंग टीचर पर 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज: एक साल से प्रेम और शादी का झांसा देने का आरोप; पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

बेगूसराय। बखरी थाना क्षेत्र में एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले शिक्षक पर उसी कोचिंग की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक सौरभ कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी के बारे में बताया गया है कि वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ा रहा है और लगातार दूसरी बार संगठन का नगर मंत्री रहा है।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले करीब एक साल से छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा रहा था। आरोप है कि वह छात्रा को खाने-पीने की चीजों का लालच देता था और अच्छे नंबर से पास कराने तथा शादी करने का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता था।

16 सितंबर को सुनसान जगह पर घटना का आरोप

परिजनों के अनुसार, आरोपी ने 16 सितंबर को छात्रा को बहाने से बुलाया और बखरी डीएसपी आवास से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों वाले इलाके में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा काफी डरी-सहमी और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

छात्रा के व्यवहार में अचानक बदलाव देखकर परिजनों को शक हुआ। पूछताछ करने पर उसने घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपी शिक्षक और कोचिंग संचालक के पास शिकायत लेकर पहुंचे।

परिजनों ने धमकी देने का लगाया आरोप

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी और कोचिंग संचालक के चचेरे भाई ने उन्हें धमकाया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर मामले को आगे नहीं बढ़ाने के लिए दबाव बनाया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि बाद में आरोपी ने माफी मांगते हुए मंदिर में शादी करने की बात कही, लेकिन पीड़िता के परिजनों ने किसी समझौते से इनकार कर दिया।

पहले थाने में शिकायत, फिर एसपी से गुहार

पीड़िता की मां के अनुसार, 17 सितंबर की शाम वह लिखित शिकायत लेकर बखरी थाना पहुंची थीं। आरोप है कि उस समय प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीड़िता की मां ने 21 सितंबर को बेगूसराय के एसपी मनीष से शिकायत की।

एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

मेडिकल जांच और FSL टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य

एसपी मनीष के अनुसार, पीड़िता को महिला पुलिस अधिकारी की सुरक्षा में सदर अस्पताल भेजकर मेडिकल जांच कराई गई है। घटना से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की विशेष टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

ABVP ने आरोपी को पहले ही दायित्वमुक्त होने की बात कही

आरोपी के ABVP से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद संगठन के उत्तर बेगूसराय जिला संयोजक अनभव आनंद ने कहा कि सौरभ कुमार घटनाक्रम से करीब एक महीने पहले ही संगठन के दायित्व से मुक्त हो चुके हैं। उनके अनुसार, संगठन में आरोपी की गतिविधियां पूरी तरह शून्य थीं।

संगठन की ओर से कहा गया है कि अनुशासन के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मामले में पुलिस की जांच जारी है। दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के दौरान जुटाए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।