सीवान में 15 लाख की शराब जब्त, हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार
सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने महावीरी मेले से पहले शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियाणा से लाई जा रही करीब 15 लाख रुपए मूल्य की अवैध विदेशी शराब बरामद की है। मौके से तीन अंतरराज्यीय शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी अमित, कमल और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से शराब के अलावा 6 मोबाइल फोन, चेकबुक और पर्स भी बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को कोंडर क्षेत्र में शराब की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान तीन चारपहिया वाहनों में शराब लेकर जा रहे आरोपियों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने वाहनों की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
तेज रफ्तार में भागे तस्कर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
पुलिस टीम ने तीनों वाहनों का पीछा किया और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, तस्कर काफी तेज गति से वाहन भगाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे पीछा कर रही पुलिस टीम के सामने भी जोखिम की स्थिति बनी। हालांकि, पुलिस ने सतर्कता और साहस के साथ कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली तो उनकी डिग्गी में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।
महावीरी मेले में खपाने की थी तैयारी?
बसंतपुर में 25 और 26 सितंबर को होने वाले महावीरी मेले को देखते हुए चर्चा है कि शराब की इस खेप को मेले के दौरान खपाने की तैयारी थी। हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर पुलिस शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि शराब हरियाणा से कहां से लाई गई थी और इसे सीवान में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।