Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, दो युवक गिरफ्तार,सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 14, 2026

सुपौल में 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, दो युवक गिरफ्तार,सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

सुपौल में 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, दो युवक गिरफ्तार: बैरिया पंचायत में पुलिस की छापेमारी; सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

सुपौल। सदर थाना क्षेत्र के बैरिया पंचायत में पुलिस ने नशीले और प्रतिबंधित इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद इंजेक्शन को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरिया पंचायत क्षेत्र में प्रतिबंधित इंजेक्शन की एक खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर बैरिया पंचायत क्षेत्र में छापेमारी शुरू की।

तलाशी के दौरान 594 इंजेक्शन बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। बड़ी संख्या में इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

दोनों आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार युवकों की पहचान बैरिया पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी विनोद मंडल के 20 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार और बलवा पंचायत के वार्ड नंबर 8 स्थित डुमरिया गांव निवासी कार्तिक मंडल के 19 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है।

कहां से आई खेप, किसे करनी थी डिलीवरी?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित इंजेक्शन की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद इंजेक्शन किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजे जा रहे आरोपी

सदर थानाध्यक्ष ने सोमवार दोपहर बताया कि बरामद सभी 594 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।