Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में बड़ा एक्शन: 360 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 13, 2026

सुपौल में बड़ा एक्शन: 360 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

राघोपुर में 360 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

लगातार चौथे दिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल से शराब लाकर बिहार में खपाने की आशंका

सुपौल। जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार चौथे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नगर पंचायत सिमराही के गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में एक घर के पीछे बने स्टोर रूम में छापेमारी कर विभिन्न ब्रांड की 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक कथित शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में छापेमारी के लिए पहुंची थी। पुलिस बल को अपनी ओर आते देखकर एक व्यक्ति पीछे के रास्ते से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर वार्ड नंबर-08 निवासी सोरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान (32 वर्ष) के रूप में हुई है।

कई नामी ब्रांड की शराब बरामद

पुलिस द्वारा स्टोर रूम की विधिवत तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की, हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर, रॉयल स्टैग, सिग्नेचर, वोदका, ब्लेंडर्स प्राइड और बकार्डी सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और इसकी पूरी सूची तैयार की जा रही है।

पश्चिम बंगाल से शराब लाने की आशंका

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को बरामद शराब की बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए होने का उल्लेख मिला है। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल से लाकर बिहार में खपाने की तैयारी थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

प्राथमिकी दर्ज, नेटवर्क की तलाश जारी

मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।