Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:12 साल से न्याय के लिए भटक रहा युवक, गले में जूते की माला पहन कलेक्ट्रेट पहुंचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 7, 2026

BIHAR:12 साल से न्याय के लिए भटक रहा युवक, गले में जूते की माला पहन कलेक्ट्रेट पहुंचा

12 साल से न्याय के लिए भटक रहा युवक, गले में जूते की माला पहन अरवल कलेक्ट्रेट पहुंचा

अरवल। अरवल समाहरणालय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय लोगों की नजरें एक युवक पर टिक गईं, जब वह गले में जूते की माला पहनकर और हाथों में तख्ती लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। युवक के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

युवक के हाथ में एक बैनर था, जिस पर सरकारी दफ्तरों में आम लोगों की परेशानियों को लेकर सवाल लिखे थे। बैनर पर लिखा था— “नागरिकों को सरकारी दफ्तरों में क्यों किया जाता है प्रताड़ित? आवेदन पर आवेदन, सुनवाई पर सुनवाई, तारीख पर तारीख, समाधान शून्य क्यों?”

2014 से अधिकारियों के कार्यालय का लगा रहा चक्कर

सूचना मिलने पर युवक को एमडीएम कार्यालय बुलाया गया। वहां उसने अपनी पहचान वंशी प्रखंड के खड़ासिन गांव निवासी अनंत शर्मा उर्फ धरती पुत्र के रूप में बताई।

युवक के अनुसार, उसके मकान के बगल स्थित गली में कुछ लोगों ने सीढ़ी बनाकर रास्ते पर अतिक्रमण कर लिया है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए वह वर्ष 2014 से सीओ और बीडीओ के कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर रहा है। उसका आरोप है कि करीब 12 साल बीत जाने के बाद भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी से नाराज होकर वह प्रशासन के खिलाफ विरोध जताने के लिए गले में जूते की माला पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचा।

2022 में भी वायरल हुआ था वीडियो

अनंत शर्मा इससे पहले भी वर्ष 2022 में जूते की माला पहनकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय उनका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। तत्कालीन डीएम कुमार गौरव ने मामले का संज्ञान लेते हुए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, युवक का कहना है कि इसके बावजूद गली से अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

जांच और कार्रवाई का मिला आश्वासन

युवक की शिकायत सुनने के बाद एडीएम ने पूरे मामले की जांच कराने और जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद युवक कलेक्ट्रेट परिसर से चला गया।

युवक का यह विरोध प्रदर्शन एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में लंबे समय से लंबित मामलों और आम लोगों की शिकायतों के समाधान में हो रही देरी पर सवाल खड़े करता है।