कार एक्सीडेंट में डॉक्टर दंपती और ड्राइवर की मौत, डिवाइडर से टकराकर दो हिस्सों में बंटी कार; 4 साल पहले बेटे की भी हादसे में गई थी जान
खगड़िया/मोकामा। पटना-मोकामा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में खगड़िया के डॉक्टर दंपती और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा मोकामा फ्लाईओवर पार करने के बाद करनाल गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के माड़र दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता, उनकी पत्नी और नवटोलिया निवासी उनके ड्राइवर मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही माड़र गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
अयोध्या से दर्शन कर लौट रहा था डॉक्टर दंपती
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता अपनी पत्नी के साथ निजी कार से उत्तर प्रदेश के अयोध्या गए थे। दोनों ने राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया था। इसके बाद सोमवार-मंगलवार की रात वे अपने पैतृक गांव माड़र लौट रहे थे। कार को नवटोलिया निवासी मोहम्मद सलमान चला रहे थे।
बताया गया कि मोकामा फ्लाईओवर पार करने के बाद करनाल गांव के समीप अचानक कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सीधे सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार दो हिस्सों में बंट गई।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
भीषण टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मोकामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार से तीनों शवों को बाहर निकाला।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
चार साल पहले बेटे की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत
इस हादसे ने डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता के परिवार के पुराने जख्म को भी हरा कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब चार साल पहले डॉक्टर गुप्ता के जवान बेटे की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब डॉक्टर दंपती की एक साथ सड़क हादसे में मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एक ही परिवार में कुछ वर्षों के अंतराल पर सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद माड़र गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घर पर जुटी लोगों की भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मोकामा के लिए रवाना हो गए। वहीं, माड़र स्थित डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता के आवास पर ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।