Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: बिहार में BPRO 28 हजार रुपये के साथ निगरानी के हत्थे चढ़े, सोलर लाइट भुगतान के बदले कमीशन मांगने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

BIHAR: बिहार में BPRO 28 हजार रुपये के साथ निगरानी के हत्थे चढ़े, सोलर लाइट भुगतान के बदले कमीशन मांगने का आरोप

लखीसराय में बीपीआरओ 28 हजार रुपये के साथ निगरानी के हत्थे चढ़े, सोलर लाइट भुगतान के बदले कमीशन मांगने का आरोप

लखीसराय: चानन प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निगरानी विभाग की टीम ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) ब्रजेश कुमार को 28 हजार रुपये के साथ उनके कार्यालय से पकड़ लिया। निगरानी टीम कार्रवाई के बाद बीपीआरओ को अपने साथ ले गई।

बताया जा रहा है कि ब्रजेश कुमार चानन प्रखंड में बीपीआरओ के अतिरिक्त प्रभार में कार्यरत थे। उनका मूल पदस्थापन हलसी प्रखंड में बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, 15वीं वित्त आयोग की योजना के तहत सोलर लाइट लगाने के भुगतान के एवज में कमीशन की मांग किए जाने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और मंगलवार को चानन प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीपीआरओ को 28 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया।

मुखिया से विवाद की भी चर्चा

बीपीआरओ ब्रजेश कुमार का महेशलेटा पंचायत के मुखिया से विवाद चलने की भी चर्चा सामने आ रही है। बताया जाता है कि इस विवाद की शिकायत उप विकास आयुक्त (डीडीसी) तक भी पहुंची थी।

वहीं, निगरानी विभाग की कार्रवाई के पीछे महेशलेटा पंचायत के मुखिया पति राम नारायण साव उर्फ पप्पू साव के आवेदन की भी चर्चा है। हालांकि, कार्रवाई के वास्तविक कारण और शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

निगरानी विभाग की टीम बीपीआरओ को अपने साथ ले गई है। अब पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले में लगाए गए आरोपों और कार्रवाई की विस्तृत स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट