Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार; नशे के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद, मां भी घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

BIHAR:कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार; नशे के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद, मां भी घायल

समस्तीपुर में कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार; नशे के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद, मां भी घायल

समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर मस्जिद मोहल्ले में सोमवार देर रात नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी गले पर लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई।

पुलिस ने वारदात के बाद आरोपी बेटे को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान 60 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उनका 25 वर्षीय बड़ा बेटा मोहम्मद अरमान है।

नशे के लिए पिता से मांगे थे पैसे

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद अरमान नशे का आदी है और कोई काम नहीं करता है। सोमवार रात उसने नशा करने के लिए अपने पिता से पैसे मांगे थे। पिता ने उसे कुछ पैसे दिए, जिससे उसने कथित तौर पर व्हाइटनर का नशा किया और रात करीब 12 बजे घर लौटा।

घर लौटने के बाद पिता ने उसे डांटा। इसके बाद अरमान ने दोबारा नशे के लिए पैसे मांगे। पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में अरमान ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पिता पर हमला कर दिया।

कुल्हाड़ी गले पर लगी, मां को भी किया घायल

हमले में कुल्हाड़ी मोहम्मद इस्लाम के गले पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी आवाज सुनकर पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई।

घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी अरमान को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पटना ले जाने के दौरान पिता ने तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल मोहम्मद इस्लाम को इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद शव को वापस घर लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी वारदात के बाद छत पर जाकर सो गया

परिजनों के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद अरमान घर की छत पर जाकर सो गया था। बताया जा रहा है कि वह उस समय नशे में था। मृतक के छोटे बेटे अरबाज ने बताया कि शोर सुनने के बाद वह छत से नीचे आया और अपने माता-पिता को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल मां का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मृतक मूल रूप से सीवान के रहने वाले थे

मोहम्मद इस्लाम का परिवार मूल रूप से सीवान का रहने वाला बताया जा रहा है। उन्होंने समस्तीपुर में अपने ससुराल में ही घर बनाया था और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। मृतक के दो बेटे हैं और आरोपी अरमान उनका बड़ा बेटा है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि बेटे के हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हुई है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे का आदी होने और नशे के लिए पिता से पैसे मांगने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पिता पर हमला किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट