Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:डकैती की योजना बना रहे 6 अपराधी गिरफ्तार,हथियार, स्मैक और नकदी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 19, 2026

BIHAR:डकैती की योजना बना रहे 6 अपराधी गिरफ्तार,हथियार, स्मैक और नकदी बरामद

डकैती की योजना बना रहे 6 अपराधी गिरफ्तार: कटिहार में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, नाबालिग भी पकड़ा गया; हथियार, स्मैक और नकदी बरामद

कटिहार। कटिहार के मनिहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, स्मैक, मोबाइल फोन, नकदी और दो बाइक बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के जिले में आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

ईंट भट्ठे के पीछे जुटे थे संदिग्ध

यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि शुक्रवार की आधी रात मनिहारी थाना पुलिस विशेष तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे रसूलपुर चौक के पास पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी मढ़ियापुर में एक ईंट भट्ठे के पीछे जमा हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मढ़ियापुर स्थित सुभाष मंडल के ईंट भट्ठे के पीछे पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही भागने लगे अपराधी

पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद संदिग्ध लोग भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस को एक देसी पिस्तौल, मैगजीन में एक जिंदा गोली, 9.6 ग्राम स्मैक, पांच मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद और एक लाइटर मिला। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

डीएसपी सद्दाम हुसैन के अनुसार, मामले में मनिहारी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. तनवीर, मो. मुहरलीम, पवन कुमार चौधरी, विकास कुमार, अंकित कुमार और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। नाबालिग के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर क्षेत्र में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।