Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:दवा दुकान पर छापा, 13,720 नशीली गोलियां और 357 कफ सिरप बरामद; एक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 5, 2026

BIHAR:दवा दुकान पर छापा, 13,720 नशीली गोलियां और 357 कफ सिरप बरामद; एक गिरफ्तार

कटिहार में दवा दुकान पर छापा, 13,720 नशीली गोलियां और 357 कफ सिरप बरामद; एक गिरफ्तार

कटिहार में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने पटेल चौक स्थित शिव शक्ति फार्मा और उसके गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि शिव शक्ति फार्मा में कफ सिरप और नशीली गोलियों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद दुकान और गोदाम में छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान गोदाम से 357 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप और 13,720 नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई है।

इसके अलावा ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में 46 प्रकार की दवाओं के 51 कार्टन भी मिले। इन दवाओं के भंडारण और बिक्री से संबंधित जरूरी कागजात और बिल मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने इन दवाओं को भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं कहां से मंगाई गई थीं और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।