बगहा में नशे में सड़क पर हंगामा करते मिले डायल-112 के दो पुलिसकर्मी: मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि, एसपी ने किया निलंबित
बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में डायल-112 आपातकालीन सेवा में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि के बाद बगहा एसपी राजेश कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना में डायल-112 पर तैनात पीटीसी एएसआई सुरेंद्र कुमार मुनमुन और हवलदार सुनील कुमार के सड़क पर नशे की हालत में हंगामा करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर लड़खड़ाते और गिरते हुए नजर आ रहे थे। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद बगहा एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम को जांच और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीपीओ के नेतृत्व में दोनों पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस के अनुसार, जांच में दोनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई।
मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर एसडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट बगहा एसपी को सौंपी। इसके बाद एसपी राजेश कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। साथ ही दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराबबंदी वाले राज्य में पुलिसकर्मियों द्वारा शराब सेवन से जुड़े किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।