Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में लव मैरिज के 10 दिन बाद युवती ने फंदे से लटककर दी जान: पति से मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 29, 2026

सुपौल में लव मैरिज के 10 दिन बाद युवती ने फंदे से लटककर दी जान: पति से मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी

सुपौल में लव मैरिज के 10 दिन बाद युवती ने फंदे से लटककर दी जान: पति से मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी

सुपौल | कोशी लाइव

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड संख्या-3 में प्रेम विवाह के करीब 10 दिन बाद एक युवती ने फंदे से लटककर जान दे दी। मृतका की पहचान बिट्टू सरदार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात नेहा और उसके पति बिट्टू के बीच मायके जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद नेहा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति और परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला।

इसके बाद परिजन नेहा को ऑटो से राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गले पर मिला फंदे का निशान

घटना के बाद नेहा के गले पर फंदे का निशान मिला। वहीं उसके बाएं पैर और उंगलियों पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल ले जाने के दौरान सड़क से घिसटने की वजह से पैर में चोट लगी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

10 दिन पहले हुई थी लव मैरिज

नेहा की सास सबिता देवी ने बताया कि नेहा और बिट्टू ने करीब 10 दिन पहले प्रेम विवाह किया था। सोमवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नेहा कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।

राघोपुर रेफरल अस्पताल के डॉक्टर संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि नेहा को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ।

पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।