मधेपुरा में कुख्यात विक्की मेहता हत्याकांड में 5 नामजद समेत 8-10 अज्ञात पर FIR, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
मधेपुरा। पुरैनी थाना क्षेत्र के नरदह पंचायत के नया टोला में सोमवार शाम गोली मारकर हत्या किए गए विक्की मेहता (35) के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है। परिजनों के फर्द बयान के आधार पर पांच नामजद और 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात करीब 11 बजे विक्की मेहता का शव घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी भाभी और नरदह पंचायत की मुखिया रीता कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शव देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए विक्की मेहता के घर और आसपास के क्षेत्रों में कई थानों की पुलिस तैनात की गई। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ अजय कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान स्थिति पर नजर बनाए रहे।
सुबह परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
मंगलवार सुबह करीब छह बजे आक्रोशित परिजनों ने घर के सामने सड़क जाम कर दिया। परिजन हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने परिजनों को समझाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
पांच नामजद, 8 से 10 अज्ञात पर प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, परिजनों के फर्द बयान पर पांच लोगों को नामजद किया गया है। इनमें उदाकिशुनगंज के दुर्गा यादव, नीतीश राणा और शाकिब अयाज, पुरैनी थाना क्षेत्र के नरदह निवासी पूर्व पैक्स अध्यक्ष अमित लाल तथा दुहबी-सुहबी निवासी पूर्व मुखिया स्व. अनिल यादव के बेटे गुड्डू यादव शामिल हैं। इसके अलावा 8 से 10 अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है।
थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
विक्की के खिलाफ 24 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, विक्की मेहता के खिलाफ अलग-अलग थानों में 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुरैनी थाना में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में 19 मामले दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा सिंहेश्वर थाना में डकैती समेत अन्य धाराओं के तीन मामले, उदाकिशुनगंज थाना में दो मामले तथा ग्वालपाड़ा और पूर्णिया जिले के रूपौली थाना में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक विक्की मेहता का नाम मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में भी रहा था। जून 2025 में उसने एक मामले में उदाकिशुनगंज कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। कुछ दिनों बाद उसे जमानत मिल गई थी।
पहले बॉडीगार्ड और साथियों के साथ चलता था
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले तक विक्की मेहता के साथ दो बॉडीगार्ड और कई साथी रहते थे। हालांकि पिछले कुछ महीनों से वह अकेले ही चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि वह आपराधिक गतिविधियों से दूर होकर सामान्य जीवन जीने की कोशिश कर रहा था।
सोमवार शाम भी वह अकेले स्कूल परिसर में मनरेगा से बन रही बाउंड्री के निर्माण कार्य को देखने गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
बाइक गिरने के बाद करीब 200 मीटर तक भागा
ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने विक्की को घेरकर गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान उसकी बाइक गिर गई। इसके बाद विक्की ने जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागने की कोशिश की, लेकिन 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश और पैक्स विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपराधिक वर्चस्व और पैक्स चुनाव से जुड़े विवाद समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि विक्की के पिता चंदेश्वरी मेहता के पैक्स चुनाव जीतने के बाद रंजिश बढ़ी थी। चंदेश्वरी मेहता नरदह पैक्स के अध्यक्ष हैं।
वहीं, विक्की के बड़े भाई मुकेश कुमार की पत्नी रीता कुमारी नरदह पंचायत की मुखिया हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की वास्तविक वजह का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और अनुसंधान आगे बढ़ने के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बड़े भाई ने दी मुखाग्नि
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। विक्की मेहता के बड़े भाई मुकेश कुमार ने उसे मुखाग्नि दी।
पुलिस बोली- जल्द होगा हत्याकांड का खुलासा
उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि विक्की मेहता के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।
कोशी लाइव की रिपोर्ट