बक्सर का युवक आजमगढ़ में 23.4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार, 2 महिला तस्कर भी पकड़ी गईं
सिमरी/बक्सर। बक्सर जिले के बलिहार गांव का 28 वर्षीय युवक राजाबाबू सिंह उस समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जब वह रांची से अपने गांव लौट रहा था। मोबाइल बंद होने के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सिमरी थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि राजाबाबू आजमगढ़ में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार होकर जेल पहुंच चुका है।
पुलिस के अनुसार, राजाबाबू सिंह 15 सितंबर को रांची से बलिहार के लिए निकला था। घर नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद मिलने के बाद उसकी मां सरोज देवी ने सिमरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नेटवर्क और अन्य माध्यमों से जांच की तो उसके आजमगढ़ में होने की जानकारी मिली।
आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने राजाबाबू को दो महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया। तीनों के पास से 23.411 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। गांजा दो ट्रॉली बैग में रखा हुआ था। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक राजाबाबू ने बताया कि उसे गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उसे पैसे मिलने थे। तीनों आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके।
दो महिलाओं के साथ हुई गिरफ्तारी
राजाबाबू के साथ गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गाजीपुर निवासी नेहा पासवान (20) और बक्सर निवासी पूनम देवी (31) के रूप में हुई है। आजमगढ़ पुलिस ने तीनों को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है।
राजाबाबू पर पहले से दो मामले
पुलिस के अनुसार, राजाबाबू सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में गाजीपुर के गहमर थाने में धारा 504/506 भादवि और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2026 में जीआरपी रांची, झारखंड में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
कोशी लाइव की रिपोर्ट