मधेपुरा में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार
मधेपुरा। समाहर्ता के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। स्टेडियम, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी की गई। प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच और दवा दुकानों में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहिमडीह वार्ड नंबर-13 के पास छापेमारी कर करीब 3 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की गई। मामले में विपिन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, मधेपुरा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलेज चौक वार्ड नंबर-10 के पास कार्रवाई में करीब 1 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई। इस मामले में मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 8 गिरफ्तार
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शराब सेवन की जांच की गई। जांच के दौरान शराब सेवन के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल 10 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई।
मधेपुरा जिला प्रशासन ने कहा कि शराब और नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
कोशी लाइव | मधेपुरा