बिहार में DRI की बड़ी कार्रवाई, 752 किलो गांजा बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार
पटना। नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) को बिहार में बड़ी सफलता मिली है। DRI की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 17 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए 752.390 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप बरामद की। मौके से तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर वाहन को रोका
DRI अधिकारियों के अनुसार, बिहार के रास्ते मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रणनीति बनाकर संदिग्ध वाहन को इंटरसेप्ट किया और उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 752.390 किलो गांजा बरामद कर जब्त किया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर DRI यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे किसे पहुंचाया जाना था। एजेंसी तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क, स्थानीय सप्लायर और रिसीवर के साथ-साथ वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
DRI के अनुसार, संगठित मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क और इसकी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
कोशी लाइव | पटना