मधेपुरा में मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की गोली मारकर हत्या: पीछे से मारी गोली, भागकर चौक पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने घेरा; करीब 10 राउंड फायरिंग
मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम अपराधियों ने नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने पहले पीछे से विक्की मेहता पर गोली चलाई। गोली लगने के बाद वह जान बचाकर भागे, लेकिन नया टोला चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने विक्की मेहता पर करीब 10 गोलियां चलाईं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पंचायत सरकार भवन के खेल मैदान से लौट रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, विक्की मेहता नरदह पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के खेल मैदान में चल रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को देख रहे थे। सोमवार शाम काम पूरा कराने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पहले से घात लगाए एक अपराधी ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद विक्की अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान उनका चप्पल भी घटनास्थल पर छूट गया।
नया टोला चौक पर बदमाशों ने घेरा
गोली लगने के बाद विक्की मेहता भागते हुए नया टोला चौक के समीप मुख्य सड़क तक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों ने उन पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने के बाद विक्की मेहता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल विक्की को इलाज के लिए पुरैनी अस्पताल ले गए।
अस्पताल से रेफर, रास्ते में मौत
पुरैनी अस्पताल में चिकित्सकों ने विक्की मेहता का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल और अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज और मधेपुरा सदर एसडीपीओ समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मौके से मिले साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की आशंका
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक विक्की मेहता पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और पंचायत क्षेत्र में उनका प्रभाव भी था।
ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई समेत कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
देर रात तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी
पुलिस हत्या की पूरी वारदात को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक पुरैनी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।
मेरे बाबू को अनिल यादव के बेटे ने मरवा दिया
मुखिया रीता कुमारी ने बताया, “हम पैक्स चुनाव लड़े थे और जनता ने हमको चाहा, इसलिए हम चुनाव जीत गए। अमित चौधरी मेरा विरोधी था। इसी रंजिश में उसने मेरे बाबू (विक्की मेहता) को मरवा दिया। मेरे घर पर भी वह रेड करवाता था।
नया टोला चौक पर मेरा मनरेगा का काम चल रहा था। मेरे बाबू वहीं साइट से काम देखकर लौट रहे थे। उसी दौरान नया टोला चौक पर उन्हें गोली मार दी गई। वहां 8-10 लड़के मौजूद थे और सभी लोग एक जगह गुट बनाकर बैठे थे।
वहां अमित चौधरी भी मौजूद था। वह राम कुमार चौधरी का बेटा है। अनिल यादव का बेटा गौरव यादव, पुट्टू यादव, दुर्गा यादव और साकिब भी वहां थे। दुर्गा यादव पूरे सावन नया टोला चौक पर जाता था और वहां मीटिंग करता था।

गौरव यादव लोगों को बुलाता था। सभी लोग वहां बैठकर मीटिंग करते थे। मेरे बाबू को वहीं मरवा दिया गया। गोली मारने में दुर्गा यादव, साकिब, अनिल यादव का बेटा गौरव यादव और अमित चौधरी शामिल हैं। हम जहां तक होगा, जाएंगे। चाहे मुख्यमंत्री तक जाना पड़े, हम जाएंगे। हमें इंसाफ चाहिए।

सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगी गोली
विक्की मेहता पिछले कई दिनों से नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य को देखने आ रहे थे। सोमवार शाम करीब छह बजे भी वह अपनी बुलेट बाइक से विद्यालय परिसर पहुंचे थे।
काम देखने के बाद वह लौट रहे थे। इसी दौरान नया टोला चौक के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी से बचने के लिए विक्की मेहता पैदल भागने लगे। इसी दौरान चौक से करीब 100 मीटर आगे एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें फिर घेर लिया और उन पर गोलियां बरसाईं।
कोशी लाइव | नई सोच नई खबर