पूर्णिया न्यूज़ | कोचिंग के बाहर साइकिल चुराते युवक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ा, 1 किमी तक पीछा कर पुलिस को सौंपा
पूर्णिया के के.हाट थाना क्षेत्र स्थित रंगभूमि मैदान के पास रविवार को कोचिंग के बाहर साइकिल चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को छात्रों और स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। चोरी में नाकाम होने के बाद आरोपी भाग निकला, लेकिन भीड़ ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे जेवीआर प्लाजा में पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी प्लाजा की एक दुकान के शटर के पीछे छिप गया था। लोगों ने पूरे प्लाजा की तलाशी लेकर उसे बाहर निकाला। पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और उसे वापस उसी कोचिंग परिसर में ले आए, जहां से उसने साइकिल चोरी करने की कोशिश की थी।
पूछताछ में कबूला चोरी का इरादा
शुरुआत में आरोपी खुद को बेगुनाह बताते हुए कहता रहा कि वह सड़क पर गिरी हुई साइकिल उठा रहा था। हालांकि, पुलिस को सौंपने की बात होने पर उसने स्वीकार किया कि वह साइकिल चोरी करने की नीयत से आया था।
छात्रों में था पहले से आक्रोश
कोचिंग परिसर के बाहर लगातार हो रही साइकिल चोरियों से छात्र पहले से परेशान थे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंच गए और पूर्व में हुई चोरियों की भी चर्चा होने लगी।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम पहले जेवीआर प्लाजा पहुंची। बाद में लोगों से पूछताछ कर रंगभूमि मैदान पहुंची और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू की।
कोशी लाइव | नई सोच नई खबर