सावन में कांवर यात्रा की आड़ में शराब तस्करी, कांवर के सामान के नीचे छिपी 850 लीटर विदेशी शराब बरामद
मधेपुरा: सावन माह में चल रही कांवर यात्रा के बीच शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांवर और कपड़ों के सामान की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही 850.450 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 3 अगस्त की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि चौसा थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक पिकअप गाड़ी में कपड़ों के सामान के नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम और सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मो. असलम, पिता मो. सलीम, निवासी रामनगर केलाबाड़ी, थाना चौसा, जिला मधेपुरा के रूप में बताई। उसने स्वयं को जब्त पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-10 GA-7075) का चालक भी स्वीकार किया।
गिरफ्तार चालक की निशानदेही पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में रखे कांवर और कपड़ों के सामान के नीचे विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से कुल 850.450 लीटर विदेशी शराब बरामद की, जिसमें 750 एमएल, 375 एमएल, 180 एमएल और 500 एमएल की विभिन्न ब्रांडों की 1,775 से अधिक बोतलें और कैन शामिल हैं।
बरामद शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक के विरुद्ध बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम, 2018 की धारा 30(एस) के तहत चौसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रभारी एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की यह खेप किस राज्य या जिले से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस मामले के तार किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
इस कार्रवाई में चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, पुअनि राजकिशोर कुमार, पुअनि रतन कुमार पासवान, पुअनि विक्रम कुमार समेत चौसा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
सावन के दौरान धार्मिक यात्रा की आड़ में शराब तस्करी का यह मामला पुलिस के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कांवर यात्रा मार्गों और संदिग्ध वाहनों की जांच और अधिक सख्ती से की जाएगी।