दरभंगा में ईदगाह की मीनार पर गिरी आकाशीय बिजली, ऊपरी हिस्सा ध्वस्त; बड़ा हादसा टला, मरम्मत की उठी मांग
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरजा पंचायत स्थित रजखा ईदगाह पर मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से ईदगाह की सबसे ऊंची मीनार का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। तेज धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, घटना के समय ईदगाह परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे ईदगाह की सबसे ऊंची मीनार पर गिरी। बिजली गिरते ही मीनार का ऊपरी हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और ईदगाह परिसर में भीड़ जुट गई।
स्थानीय निवासी असलम हुसैन ने बताया कि रजखा ईदगाह अपनी भव्यता के लिए पूरे इलाके में प्रसिद्ध है। यहां 65 छोटे-बड़े मीनार बने हुए हैं, जिनका निर्माण आसपास के गांवों के लोगों के सहयोग से कराया गया था। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से केवल सबसे ऊंची मीनार को नुकसान पहुंचा है और इसकी मरम्मत में करीब एक लाख रुपये का खर्च आएगा। उन्होंने सरकार से धार्मिक स्थल की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले भी इसी इलाके में एक ताड़ के पेड़ पर बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं, लगभग एक माह पहले रजखा से करीब 10 किलोमीटर दूर होरलपट्टी स्थित महादेव मंदिर के गुंबद पर भी आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान हुआ था।
गांव के मो. अरमान ने बताया कि घटना के समय उनका परिवार घर में भोजन कर रहा था। अचानक जोरदार धमाका हुआ और स्टील की थाली में चमक दिखाई देने लगी, जिससे परिवार के सभी सदस्य घबरा गए। बाद में जानकारी मिली कि ईदगाह की मीनार पर बिजली गिरी है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण ईदगाह पहुंचे। लोगों ने इसे प्राकृतिक आपदा बताते हुए प्रशासन से क्षतिग्रस्त मीनार की जल्द मरम्मत कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की। सबसे राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।