Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया में भैंस से टकराई DIG की सरकारी गाड़ी, डीआईजी और सुरक्षा गार्ड... - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 12, 2026

खगड़िया में भैंस से टकराई DIG की सरकारी गाड़ी, डीआईजी और सुरक्षा गार्ड...

खगड़िया में भैंस से टकराई डीआईजी की सरकारी गाड़ी, डीआईजी और सुरक्षा गार्ड घायल

खगड़िया। जिले के मानसी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एनएच-31 पर सड़क हादसे में बेतिया के डीआईजी हरिकिशोर राय घायल हो गए। हादसे में उनके सुरक्षा गार्ड को भी चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए खगड़िया शहर के निजी नेक्टर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, डीआईजी हरिकिशोर राय भागलपुर से न्यायालय में गवाही देकर सरकारी वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान मानसी थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई। चालक के संभलने से पहले ही तेज रफ्तार वाहन भैंस से जा टकराया।

टक्कर से गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

भैंस से टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीआईजी की सरकारी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डीआईजी और उनके सुरक्षा गार्ड को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल डीआईजी और उनके सुरक्षा गार्ड को तत्काल इलाज के लिए खगड़िया शहर स्थित निजी नेक्टर अस्पताल पहुंचाया।

डीएम-एसपी अस्पताल पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलने के बाद खगड़िया के जिलाधिकारी विक्रम वीरकर और पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह भी अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने डीआईजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से इलाज के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

फिलहाल डीआईजी और उनके सुरक्षा गार्ड का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।