सुपौल में कूरियर गोदाम से 6 हजार प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त: 11.16 लाख रुपए की खेप बरामद, मेडिकल एजेंसी संचालक हिरासत में
सुपौल। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सदर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर सुपौल-किशनपुर मुख्य मार्ग स्थित नगर परिषद सुपौल के वार्ड नंबर-4 के सुकमारपुर में सेफ एक्सप्रेस कूरियर के गोदाम में छापेमारी की गई। यहां से 50 पेटियों में रखी 6,000 प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं।
बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 11 लाख 16 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में सुपौल बस स्टैंड के सामने स्थित न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उत्तराखंड से मंगाई गई थी खेप
पुलिस के अनुसार, न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह ने उत्तराखंड की श्रीनिवास कंपनी से कफ सिरप की खेप मंगाई थी। यह खेप सेफ एक्सप्रेस कूरियर के माध्यम से सुपौल भेजी गई थी।
गोदाम में प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कूरियर गोदाम में छापेमारी की।
50 पेटियों में मिली 6 हजार बोतल
छापेमारी के दौरान गोदाम में रखी 50 पेटियों की जांच की गई। इनमें कुल 6,000 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया है।
सेफ एक्सप्रेस कूरियर के संचालक ओम प्रकाश राय ने बताया कि बरामद कफ सिरप की पूरी खेप न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह के नाम से मंगाई गई थी।
नशे के कारोबार के खिलाफ जारी है अभियान
सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर कूरियर गोदाम में छापेमारी की गई, जहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।
ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार, पुलिस को प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6,000 बोतल जब्त की हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की खेप किस उद्देश्य से मंगाई गई थी और इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।