Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शादी के दूसरे दिन पूर्णिया में युवती की मौत, अस्पताल में मिला शव; प्रेमी हिरासत में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 12, 2026

BIHAR:शादी के दूसरे दिन पूर्णिया में युवती की मौत, अस्पताल में मिला शव; प्रेमी हिरासत में

शादी के दूसरे दिन पूर्णिया में युवती की मौत, अस्पताल में मिला शव; प्रेमी हिरासत में

पूर्णिया। अररिया से घर से भागकर पूर्णिया में लव मैरिज करने वाली 19 वर्षीय युवती मनीषा यादव की शादी के अगले ही दिन मौत हो गई। उसका शव पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मिला। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर के. हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने युवती के प्रेमी दिलखुश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

जानकारी के अनुसार, अररिया के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली मनीषा यादव और पलासी थाना क्षेत्र के दिलखुश यादव की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। परिजन युवती की शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद दोनों ने घर से भागकर शादी करने का फैसला किया।

सोमवार को घर से भागकर पूर्णिया पहुंचे

सोमवार 10 अगस्त को करीब साढ़े 11 बजे दिलखुश मनीषा को लेकर अररिया से निकल गया। दोनों दोपहर करीब 2 बजे पूर्णिया पहुंचे। मनीषा के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसी दौरान दिलखुश ने मनीषा के साथ शादी की तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी। तस्वीर में मनीषा की मांग में सिंदूर दिखाई दे रहा था। इसके बाद परिजनों को दोनों के शादी करने की जानकारी मिली।

लड़की के परिजन पहुंचे प्रेमी के घर

शादी की जानकारी मिलने के बाद मनीषा के परिजन दिलखुश के पलासी स्थित घर पहुंचे। युवती के भाई सज्जन कुमार यादव का आरोप है कि वहां लड़के के परिजनों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें दिलखुश के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

मंगलवार को मनीषा के परिजन शादी के संबंध में बात करने दोबारा लड़के के घर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।

अस्पताल में मिला बेटी का शव

मंगलवार शाम मनीषा के परिजनों को फोन कर बताया गया कि उसका शव पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में है। सूचना मिलते ही परिजन अररिया से पूर्णिया पहुंचे। अस्पताल के गलियारे में मनीषा का शव स्ट्रेचर पर रखा मिला।

शव देखकर परिजनों ने आशंका जताई कि मनीषा के साथ कुछ गलत हुआ है। इसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा भी किया।

प्रेमी ने बताया- अचानक सड़क पर गिर गई थी मनीषा

पुलिस पूछताछ में दिलखुश ने बताया कि दोनों ने सोमवार को पूर्णिया के लाइन बाजार में करीब 2,500 रुपए में कमरा किराए पर लिया था। कमरे में ही उसने मनीषा की मांग में सिंदूर भरकर शादी की और तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

दिलखुश के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों कमरा खाली कर पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर जाने के लिए पैदल निकले थे। इसी दौरान मनीषा को अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दिलखुश उसे पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मेडिकल कॉलेज की टीओपी टीम ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दिलखुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और मामले की आगे की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।