Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में कोसी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 12, 2026

सहरसा में कोसी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

सहरसा में कोसी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह पूर्णिया कोर्ट से हटिया जा रही कोसी एक्सप्रेस के AC M2 कोच में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के लिए कोच को खाली कराया गया। हालांकि, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

पहिए से धुआं निकलने के बाद लगी आग

ट्रेन संख्या 18625 सुबह करीब 5:30 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन करीब 1 घंटे 13 मिनट की देरी से पहुंची और लगभग 43 मिनट स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान कोच के एक पहिए से धुआं निकलता दिखाई दिया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी।

आधे घंटे में आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित AC कोच को खाली कराया गया और उसमें सवार यात्रियों को दूसरे कोच में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया गया।

ब्रेक ब्लॉक जाम होने की आशंका

रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कोच और पहिए की जांच की। प्रारंभिक जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम होने की बात सामने आई है। आशंका है कि ब्रेक में खराबी के कारण पहिए में अत्यधिक गर्मी पैदा हुई, जिससे आग लगी।

फायरमैन संतोष कुमार के अनुसार, आग बुझाने के बाद प्रभावित कोच को खाली रखकर ट्रेन को करीब 6:13 बजे मानसी जंक्शन की ओर रवाना किया गया।

DRM ने जांच के दिए निर्देश

समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि ब्रेक में दिक्कत के कारण पहिए में आग लगी थी। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

12 दिन में दूसरी बार ट्रेन में आग

सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर करीब 12 दिनों के भीतर ट्रेन में आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 3 अगस्त को इसी स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन की तीन बोगियों में आग लग गई थी। उस घटना में तीनों बोगियों को अलग करना पड़ा था और काफी देर बाद ट्रेन को स्टेशन से रवाना किया गया था।