बांका में 40.50 लाख की लूट का खुलासा: फर्जी आयकर-GST अधिकारी बनकर व्यापारी को बनाया था बंधक, 3 गिरफ्तार
बांका। जिले के चांदन प्रखंड के दर्दमारा बॉर्डर स्थित श्याम राइस मिल के संचालक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की से फर्जी आयकर और GST अधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवघर के जसीडीह थाना पुलिस ने बांका पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय सिंह के घर से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की है। हालांकि, लूटी गई 40.50 लाख रुपये की नकदी अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस रुपये की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
CCTV और तकनीकी जांच से पहुंचे आरोपियों तक
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम यादव, निवासी कैलाश पहाड़ी गांव, तथा संजय सिंह और विशाल सिंह, निवासी तरैया गांव, बांका के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जसीडीह पुलिस तीनों आरोपियों और जब्त स्कॉर्पियो को अपने साथ देवघर ले गई है। गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी जारी है।
वंदे भारत पकड़ने जा रहे थे व्यवसायी
घटना 8 अगस्त की सुबह की बताई जा रही है। श्याम सर्राफ अपने एक परिचित के साथ बाइक से जसीडीह रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उनके बैग में 40.50 लाख रुपये थे। उन्हें जसीडीह से कोलकाता जाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी।
स्कॉर्पियो से ओवरटेक कर रोका
बताया गया कि दर्दमारा बॉर्डर पार करने के बाद पीछे से आई स्कॉर्पियो में सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। स्कॉर्पियो से उतरे दो बदमाशों ने खुद को आयकर और GST विभाग का अधिकारी बताया और रुपये की जांच करने की बात कही।
इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया, जबकि उसके बाइक सवार साथी को धमकाकर वहां से भगा दिया।
सुनसान जगह पर ले जाकर लूटे 40.50 लाख
बदमाश व्यापारी को स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट गांव के पास सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट कर 40.50 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया।
लूटपाट के बाद बदमाश व्यापारी को जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढाड़ी के घने जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
जंगल में मिला था व्यापारी
होश में आने के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर चंद्रमंडीह पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी को जंगल से सुरक्षित बाहर निकाला।
चांदन थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जसीडीह पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।