Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: युवती की संदिग्ध मौत: सौतेली मां-पिता पर जहर देकर हत्या का आरोप, 6 फीट गड्ढे से निकाला शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 16, 2026

BIHAR: युवती की संदिग्ध मौत: सौतेली मां-पिता पर जहर देकर हत्या का आरोप, 6 फीट गड्ढे से निकाला शव

नवादा में युवती की संदिग्ध मौत: सौतेली मां-पिता पर जहर देकर हत्या का आरोप, 6 फीट गड्ढे से निकाला शव

नवादा। जिले के धमौल थाना क्षेत्र के बेलकुंडा गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की बड़ी बहन ने अपने पिता और सौतेली मां पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद दफनाया जा चुका शव करीब 6 फीट गहरे गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

मृतका की पहचान पिंकी कुमारी (20) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके पिता सोहर यादव और सौतेली मां रिंकू देवी को पूछताछ के लिए डिटेन किया है।

मां ने फोन कर बताई मौत की जानकारी

मृतका की बड़ी बहन खुशबू कुमारी दिल्ली में रहती है। उसके अनुसार, 13 अगस्त को उसकी मां ने फोन कर पिंकी की अचानक मौत की जानकारी दी। मां ने यह भी बताया कि परिवार के लोग शव को दफनाने के लिए ले जा रहे हैं।

खुशबू ने जब बहन की मौत का कारण पूछा तो मां ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया। इसके बाद खुशबू ने पुलिस को फोन कर अपनी बहन की हत्या की आशंका जताई और शव दफनाए जाने की जानकारी दी।

शादी को लेकर घर में होता था विवाद

खुशबू ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि परिवार वाले पिंकी की शादी नहीं करवाना चाहते थे। शादी की उम्र होने के बाद से ही सौतेली मां कथित तौर पर पिंकी को प्रताड़ित करती थी।

खुशबू का आरोप है कि वह दिल्ली से फोन कर माता-पिता से पिंकी की शादी कराने की बात करती थी, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं होते थे। परिवार में इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।

उसका आरोप है कि सौतेली मां नहीं चाहती थी कि पिंकी की शादी में परिवार का पैसा खर्च हो और वह लगातार उसे घर छोड़कर चले जाने के लिए प्रताड़ित करती थी।

6 फीट गहरे गड्ढे से निकाला शव

बहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी हिमांशु कुमार के निर्देश पर पुलिस ने दफनाए गए शव को करीब 6 फीट गहरे गड्ढे से बाहर निकलवाया।

शव बरामद करने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। शव निकालने के दौरान मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई, जिसके बाद जहर दिए जाने की आशंका जताई गई। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए पटना भेजा है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बड़ी बहन खुशबू ने अपने पिता और सौतेली मां पर मिलकर पिंकी को जहर देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पिंकी की मौत के बाद परिवार ने उसे समय पर सूचना नहीं दी और शव को श्मशान घाट की जमीन में दफना दिया।

फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता और सौतेली मां को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। पिंकी की मौत वास्तव में जहर देने से हुई या कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।