Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:हथियार लेकर घर में घुसा युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 20, 2026

BIHAR NEWS:हथियार लेकर घर में घुसा युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई

औरंगाबाद में हथियार लेकर घर में घुसा युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई

औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पथरा गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कथित तौर पर हथियार लेकर एक घर में घुस गया। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है। पकड़े गए युवक की पहचान पथरा गांव निवासी बबन यादव के बेटे दीपक उर्फ टूटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य युवक भी घर में पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के जुटने से पहले वे मौके से फरार हो गए।

हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने ग्रामीणों को सूचना दी कि घर की छत पर तीन-चार युवक खड़े हैं। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आरोप है कि ग्रामीणों को देखते ही दीपक ने हथियार निकालकर उनकी ओर तान दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और हाथ-पैर बांधकर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया।

नाबालिग किशोरी को भगाने का भी आरोप

मामले के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। आरोप है कि जिस घर में युवक घुसा था, वहां रहने वाली एक नाबालिग किशोरी से उसके प्रेम संबंध हैं। किशोरी के पिता का आरोप है कि युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से भगाने की कोशिश कर रहा था।

पिता का यह भी आरोप है कि इसी बात को लेकर उन्होंने पहले युवक को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसके बाद युवक कथित तौर पर हथियार लेकर उनके घर पहुंच गया।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि युवक को पकड़ लिया गया है और उसके पास से देसी कट्टा बरामद हुआ है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

पुलिस फरार युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।