Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जनरल कोच से 90 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 1, 2026

सहरसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जनरल कोच से 90 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

सहरसा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री ट्रेन संख्या 15510 के जनरल कोच से 90 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की। लावारिस अवस्था में मिली इस खेप की कुल मात्रा 9 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 16,020 रुपये आंकी गई है। बरामद कफ सिरप को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध निषेध थाना, सहरसा को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने बताया कि सिमरी बख्तियारपुर से ट्रेन खुलने के बाद मार्ग रक्षण दल में तैनात एएसआई सुनील कुमार ने जनरल कोच में एक संदिग्ध सफेद बोरा होने की सूचना दी थी। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उस बोरे पर अपना दावा नहीं किया।

सूचना मिलने पर आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार एवं प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षी दिलीप कुमार की टीम प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची। शाम करीब 4:43 बजे ट्रेन के सहरसा स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच संख्या 225726/C की तलाशी ली गई। गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध बोरे को खोलने पर उसमें से प्रतिबंधित कफ सिरप की 90 बोतलें बरामद हुईं।

बरामद सामग्री में RTX-SCEN ब्रांड की 100-100 एमएल की 45 बोतलें तथा RBRAX ब्रांड की 100-100 एमएल की 45 बोतलें शामिल थीं। RTX-SCEN की खेप का मूल्य 7,695 रुपये और RBRAX की खेप का मूल्य 8,325 रुपये आंका गया। इस प्रकार कुल 9 लीटर कफ सिरप की कीमत 16,020 रुपये बताई गई है।

आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की और बरामद कफ सिरप के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज मध निषेध थाना, सहरसा को सुपुर्द कर दिए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप किसकी थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।