किशनगंज में 200 ग्राम MDMA बरामद, तस्कर गिरफ्तार: अंतरराष्ट्रीय बाजार में 60 लाख रुपए कीमत
किशनगंज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोचाधामन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम MDMA के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद MDMA की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए है। आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल और डिजिटल माप-तौल मशीन भी बरामद की गई है।
डिलीवरी की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि डे-मार्केट स्थित पौआखाली मोड़ के पास MDMA की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में ANTF और कोचाधामन थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने डे-मार्केट के पास पौआखाली मोड़ जाने वाली सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में 200 ग्राम MDMA बरामद
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। उसकी पहचान कुर्बान अली (45) निवासी मौजाबाड़ी, थाना कोचाधामन, किशनगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 ग्राम MDMA बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल और डिजिटल माप-तौल मशीन भी जब्त की है। डिजिटल मशीन की बरामदगी के आधार पर पुलिस को आशंका है कि मादक पदार्थ की तस्करी और बिक्री के लिए इसे इस्तेमाल किया जा रहा था।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब बरामद MDMA के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध तस्करों की पहचान के साथ अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का भी पता लगा रही है। ऐसी संपत्ति सामने आने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
NDPS एक्ट में FIR दर्ज
मामले में कोचाधामन थाना में कांड संख्या 428/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8(C)/21(B) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।