Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:दूल्हा खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचा दुल्हन के घर, 2 दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ निकली बारात - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 12, 2026

BIHAR:दूल्हा खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचा दुल्हन के घर, 2 दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ निकली बारात

कटिहार में दूल्हा खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचा दुल्हन के घर, 2 दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ निकली बारात

कटिहार जिले के फलका प्रखंड में मंगलवार को एक अनोखी बारात चर्चा का विषय बन गई। यहां दूल्हा लग्जरी कार या घोड़ी पर नहीं, बल्कि खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभालकर दुल्हन के घर पहुंचा। बारात में दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर शामिल रहे। सड़क से गुजरती इस अनोखी बारात को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

यह मामला फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा पंचायत के मांगणपट्टी गांव का है। वार्ड संख्या-12 निवासी मो. महबूब के पुत्र दिलशाद उर्फ राजा की शादी मोरसंडा गांव निवासी मोहम्मद आबिद की बेटी रौनक परवीन से तय हुई थी। शादी के दिन राजा ने खुद ट्रैक्टर चलाया और बारात लेकर दुल्हन के घर के लिए रवाना हुए।

बारात में शामिल थे 2 दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टर

दूल्हे के साथ बाराती भी ट्रैक्टर और अन्य देसी वाहनों पर सवार होकर पहुंचे। ग्रामीण सुनील कुमार के अनुसार, बारात में दो दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टर शामिल थे। ट्रैक्टरों का काफिला सड़क से गुजरने लगा तो लोगों की नजरें उसी पर टिक गईं।

दूल्हे को खुद ट्रैक्टर चलाते देखकर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सड़क किनारे जमा हो गए। कई लोगों ने मोबाइल फोन से बारात का वीडियो भी बनाया।

किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं दूल्हे

दिलशाद उर्फ राजा ने बताया कि उनका परिवार किसान है और ट्रैक्टर उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेती-किसानी से जुड़े कामों के साथ रोजमर्रा के कई कार्यों में भी ट्रैक्टर का इस्तेमाल होता है। इसी वजह से उन्होंने अपनी शादी में भी ट्रैक्टर को बारात का हिस्सा बनाने का फैसला किया।

सामान्य तौर पर शादी में दूल्हे की बारात कार, घोड़ी या अन्य वाहनों से निकलती है, लेकिन राजा की ट्रैक्टर वाली बारात ने इसे खास बना दिया। इलाके में दिनभर इस अनोखी बारात की चर्चा होती रही।