Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब की तस्करी, पाटलिपुत्र स्टेशन पर महिला समेत 4 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 12, 2026

BIHAR:वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब की तस्करी, पाटलिपुत्र स्टेशन पर महिला समेत 4 गिरफ्तार

Patna : पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर आरपीएफ,जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से विदेशी शराब की तस्करी कर रहे 3 पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि ट्रेन नंबर 26502 गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस के 11 अगस्त को करीब 12:45 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचते ही संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध रूप से बैग लेकर उतर रहे 4 यात्रियों को रोका. पूछताछ के दौरान उनके बैग में शराब होने की बात सामने आई, जिसके बाद सभी को आरपीएफ पोस्ट लाकर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान चारों के पास से 42 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. सभी बोतलों की क्षमता 750 एमएल थी और कुल शराब की मात्रा 31.50 लीटर बताई गई है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश (30),अश्विनी चौधरी (25),कृष्ण मोहन कुमार (23) और प्रिया कुमारी (19) के रूप में हुई है. बरामद शराब में सिमरन ऑफ वोडका,जॉनी वॉकर ब्लैक लेबल,जॉनी वॉकर रेड लेबल और चिवास स्कॉच व्हिस्की शामिल है. कुछ बोतलों पर हरियाणा में बिक्री के लिए होने का उल्लेख भी पाया गया.

आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बरामद शराब की वीडियोग्राफी कराते हुए गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की. इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद शराब के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना पाटलिपुत्र को सौंप दिया गया. मामले में जीआरपी पाटलिपुत्र थाना कांड संख्या 51/26,दिनांक 11 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(a)के तहत कार्रवाई की गई है.